भास्कर न्यूज | कवर्धा विधायक कार्यालय कवर्धा में तीज मिलन समारोह पारंपरिक गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में गृहमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी रश्मि विजय शर्मा मौजूद रहीं। रश्मि शर्मा ने कहा कि तीजा तिहार केवल पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और मातृ शक्ति के सम्मान का उत्सव है। छत्तीसगढ़ की लोक परंपराएं, रीति-रिवाज और कला-संस्कृति हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। कहा कि हमें इन्हें अगली पीढ़ियों तक भावनात्मक जुड़ाव के साथ पहुंचाना है। उन्होंने सभी को साड़ी और उपहार भी वितरित किए गए। कहा कि आयोजन महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना। साथ ही छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। महिलाओं ने कहा कि ऐसे पारंपरिक मिलन समारोह नारी शक्ति को सामाजिक मंच देते हैं। साथ ही लोक परंपराओं को जीवित रखते हैं। समारोह में जिला उपाध्यक्ष देवकुमारी चंद्रवंशी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री सविता ठाकुर, जिला मंत्री नीतू शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष सतविंदर पाहुजा, ग्रामीण महिला मोर्चा अध्यक्ष दसारी ठाकुर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष वीर सिंह पटेल, जिला सभापति सदस्य सुमित्रा विजय पटेल और जनपद अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल मौजूद रहीं। पारंपरिक खेल हुए : कार्यक्रम में पारंपरिक खेलों जैसे खो-खो, कबड्डी और कुर्सी दौड़ का आयोजन हुआ। महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ी गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाएं लोकधुनों पर झूमती रही।