बालोतरा जिले के जसोल, गिड़ा, पचपदरा, कल्याणपुर और मंडली थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए अभियान में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जसोल थाना क्षेत्र में एक आरोपी से पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। अफीम, डोडा पोस्त और पिस्टल बरामद हुई पुलिस ने बताया-जसोल थाना पुलिस ने बाइक से मादक पदार्थ ले जा रहे चुन्नीलाल निवासी बाटाडू, थाना नागाणा को रोका। तलाशी के दौरान उसकी बाइक के साइड बैग से 548 ग्राम अफीम, 44 ग्राम अफीम का दूध, एक पिस्टल की मैगजीन सहित चार जिंदा कारतूस और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। चुन्नीलाल को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंडली थाना पुलिस ने देरिया उप-स्वास्थ्य केंद्र के सामने निगरानी के दौरान सोहनलाल निवासी सायबनगर डोली कल्ला को संदिग्ध हालत में देखा। पुलिस को देखकर वह खेतों की ओर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 5.490 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। गिड़ा थाना पुलिस को पचपदरा थाने से मिली सूचना पर मालाराम निवासी दूदवा लच्छार की ढाणी पर दबिश दी। तलाशी में ढाणी के पास बने बाड़े से 329 ग्राम अफीम का दूध और 252 ग्राम अफीम बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के बदले 70 हजार रुपए यूपीआई से ट्रांसफर किए गए थे। साथ ही आरोपी द्वारा वांटेड आरोपी खुमाराम उर्फ जेडी उर्फ जसराज को शरण देना भी सामने आया। पुलिस ने मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किए हैं। दबिश देकर डोडा पोस्त बरामद किया कल्याणपुर थाना पुलिस ने ग्वालनाडा गांव में वोराराम पुत्र सुमेरराम के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 8.6 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पचपदरा थाना पुलिस ने रिफाइनरी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान बाइपास रोड पर पुलिया के पास बैठे दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी में मलकीत सिंह के पास से 7.90 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जबकि गुरजंट सिंह के पास से स्मैक सेवन में प्रयुक्त पन्नी और 10 रुपए का काला पड़ा नोट मिला। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


