पंजाब के मानसा शहर में सीवरेज का पानी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। तिकोनी चौक और डिप्टी कमिश्नर निवास के पास सीवरेज का पानी सड़कों पर फैला हुआ है। हालात ऐसे हैं जैसे भारी बारिश हुई हो। पिछले दो दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर भरे पानी से वाहन बंद हो रहे हैं। पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में कोई बारिश नहीं हुई स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह, करनैल सिंह, गोल्डी गांधी और यादविंदर सिंह ने बताया कि शहर में कोई बारिश नहीं हुई है। नगर कौंसिल और सीवरेज बोर्ड की लापरवाही से यह समस्या पैदा हुई है। जिला प्रशासन भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने बताया कि सड़कों पर खड़े पानी से घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।


