मानसा पहुंची सांसद हरसिमरत कौर बादल:बोलीं-पंजाब में अवैध माइनिंग जारी, प्रदेश को लूट रही AAP सरकार, शिकायत पर अधिकारी को मिल रही धमकी

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार पर अवैध माइनिंग को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मानसा में हल्का मानसा की महिला इकाई के साथ एक बैठक के दौरान कहा कि सरकार पंजाब को लूट रही है। हरसिमरत कौर बादल ने दावा किया कि सत्ता में आने से पहले AAP सरकार ने अवैध माइनिंग बंद कर हर साल 40 हजार करोड़ रुपए पंजाब के खजाने में जमा करने और राज्य की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपए देने का वादा किया था। हालांकि, पिछले साढ़े 4 सालों में पंजाब में अवैध माइनिंग 10 गुना बढ़ गई है, जिससे राज्य को लूटा जा रहा है और महिलाओं को एक पैसा भी नहीं मिला है। अधिकारी को दी जा रही निलंबित करने की धमकी उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि माइनिंग विभाग के एक अधिकारी ने अवैध माइनिंग के संबंध में लिखित शिकायत भी की है। इसके बावजूद, सरकार उस अधिकारी को निलंबित करने की धमकी दे रही है। बादल ने मौजूदा सरकार को “अलीबाबा चालीस चोर” कहकर संबोधित किया, जो दिल्ली से आकर पंजाब को लूटने में लगे हैं। हरसिमरत कौर बादल इन दिनों अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर हैं। मानसा दौरे के तीसरे दिन उन्होंने महिला इकाई से 2027 के चुनावों में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनाने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब मन बना चुके हैं और जल्द ही इस सरकार का सफाया करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *