मानसा पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक सवार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच अवैध पिस्तौल बरामद किए गए हैं। बता दे कि पुलिस पिछले दो दिनों से जिले में असामाजिक तत्वों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। दरअसल यह सफलता मानसा के सीआईए स्टाफ को तब मिली जब कर्मियों ने मानसा की कब्र वाले रोड पर बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्तौल बरामद हुए। इसके बाद मानसा सिटी 1 पुलिस स्टेशन में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपियों के पास से 5 पिस्तौल बरामद बठिंडा रेंज के डीआईजी हरजीत सिंह (आईपीएस) ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रसवेंद्र सिंह और जशनदीप सिंह के रूप में हुई है। उनसे पूछताछ के दौरान तीन और अवैध पिस्तौल होने का खुलासा हुआ, जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया। इस प्रकार कुल पांच पिस्तौल जब्त किए गए हैं। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि इन व्यक्तियों ने इतने बड़े पैमाने पर हथियार क्यों जमा किए थे। आगे की पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क के पीछे के उद्देश्यों का पता लगाया जा सके।


