मानसा जिले के बुढलाडा जाखल रोड पर देर रात एक क्रेटा कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं बरेटा पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दे कि बरेटा निवासी 4 युवक योगेश, चिराग, केशव और मनु बरेटा से जाखल जा रहे थे। ओवरब्रिज के पास उनकी क्रेटा कार ईंटों से भरे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 18 वर्षीय चिराग को गंभीर हालत में लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। गंभीर घायल को बठिंडा किया रेफर वहीं 26 वर्षीय केशव को बठिंडा रेफर किया गया। कार ड्राइवर मनु को बुढलाडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि योगेश को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। बरेटा पुलिस थाने के इंचार्ज मेला सिंह ने बताया कि देर रात बुढलाडा जाखल रोड पर हुए इस हादसे में चार युवक घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


