अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर पंजाब में मानसा जिले के गांव बहनीवाल में एक अनूठी पहल की गई है। यहां पंजाब का पहला गुरुमुखी लिपि में सेल्फी पॉइंट स्थापित किया गया है। मानसा के डिप्टी कमिश्नर कुलवंत सिंह ने सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंजाबी मातृभाषा को बढ़ावा देना हर किसी की जिम्मेदारी है। आज के युवा विदेश जाकर अपनी मातृभाषा भूल रहे हैं, जो चिंता का विषय है। पंजाबी भाषा के प्रचारक हरप्रीत सिंह बहनीवाल ने तलवंडी साबो और मानसा के हाईवे पर यह सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया है। हरप्रीत सिंह पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने के लिए बॉलीवुड सेलेब्स और राजनेताओं को भी पत्र लिख चुके हैं। सबसे अच्छा सेल्फी पॉइंट बनाने पर मिलेंगे 1 लाख रुपए इस अवसर पर एक बड़ी घोषणा की गई। हरप्रीत सिंह ने कहा कि मानसा जिले में जो भी पंचायत सबसे अच्छा पंजाबी मातृभाषा सेल्फी पॉइंट बनाएगी, उसे 1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने मातृभाषा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकाली। डिप्टी कमिश्नर कुलवंत सिंह ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं में भी मातृभाषा दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।


