पंजाब के मानसा में आम आदमी पार्टी (AAP) की अनुसूचित जाति (SC) विंग ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बाजवा द्वारा आप विधायकों पर की गई कथित निजी टिप्पणियों के विरोध में था। प्रदर्शनकारियों ने अनुसूचित जाति आयोग से कांग्रेस नेता बाजवा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आम आदमी पार्टी के एससी विंग के नेता गुरप्रीत सिंह भुच्चर, किरतपाल सिंह कीर्ति और कृष्ण चौहान सहित कार्यकर्ताओं ने मानसा शहर के सेवा सिंह ठीकरीवाला बस स्टैंड चौक पर यह विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रताप सिंह बाजवा लगातार आम आदमी पार्टी के दलित विधायकों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। दलित समाज की भावनाएं आहत करने का आरोप नेताओं ने बताया कि बाजवा ने कथित तौर पर विधायकों को विधानसभा में कभी “मोबाइल ठीक करने वाला” तो कभी “बाजा बजाने वाला” कहा है। इन टिप्पणियों से दलित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। आप नेताओं ने मांग की है कि प्रताप सिंह बाजवा पूरे दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इसके साथ ही, उन्होंने अनुसूचित जाति आयोग से बाजवा के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की अपील भी की।


