पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज मानसा जिले के सरदूलगढ़ के कस्बा झुनीर का दौरा किया। जहां उन्होंने गांव साहनेवाली में 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सरकारी आईटीआई का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने झुनीर में एक विशाल रैली को भी संबोधित किया। बता दे कि मुख्यमंत्री ने सरदूलगढ़ शहर के लिए 14.76 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज डालने की परियोजना को मंजूरी दी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गांव झंडाकला, उलक और बनावाली में 12.83 करोड़ रुपये की लागत से तीन बिजली ग्रिड बनाने को भी मंजूरी दी। आईटीआई में 240 सीटें होंगी और पांच ट्रेडों में पढ़ाई कराई जाएगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार का लक्ष्य मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य और शिक्षा को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से आज इस आईटीआई का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग ‘डायनासोर’ आने की बात करते हैं, उनके तीन विधायकों में से दो तो पहले ही भाग चुके हैं। उन्होंने सवाल किया कि वे किस ‘डायनासोर’ की बात कर रहे हैं।
कांग्रेस पर किया तंज कांग्रेस द्वारा बरनाला में ‘मनरेगा बचाओ रैली’ और राहुल गांधी के आगमन पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार मनरेगा बचाओ रैली में मनरेगा की बात न करके सिर्फ उन्हें गाली दी जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें गाली से ऐतराज नहीं, लेकिन एक-आध बार मनरेगा की भी बात कर लेनी चाहिए। महिलाओं को मिलेंगे 1000 हजार महिलाओं को 1000 रुपये देने के बारे में बोलते हुए उन्होंने बताया कि 8 मार्च को पंजाब का बजट आ रहा है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस होने के कारण उस दिन पंजाब सरकार द्वारा मां-बहनों को अच्छी खबर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार का बजट पंजाब के विकास पर केंद्रित होगा।


