मानसून के 3 महीने पहले ही लाइफ जैकेट, नावें तैयार रखने के आदेश

भास्कर न्यूज | जालंधर आगामी मानसून सीजन को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी सुरक्षात्मक प्रबंध पूरे किए जाएं और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान डीसी ने नहरों और ड्रेनों से सिल्ट निकालने तथा धुस्सी बांध के कमजोर किनारों को मजबूत करने के काम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले साल की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां समय रहते जरूरी सुरक्षा कार्य पूरे किए जाएं। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम अधिकारियों को सीवरेज की सफाई और एसटीपी के सुचारू संचालन के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा 200 वर्ग गज से अधिक के प्लॉट और कमर्शियल इमारतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को अनिवार्य रूप से लागू करने और नियमों का सख्ती से पालन करवाने को कहा गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए लाइफ जैकेट, नावें, रेत की बोरियां और रस्सियां पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत कैंपों की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *