भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर महाशिवरात्रि के अवसर पर बैकुंठपुर नगर के चेर वार्ड में श्रीरामचरित मानस गायन-वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कोरिया जिले की 30 से अधिक पुरुष व महिला मानस मंडलियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में देर रात तक मंडलियों ने अपनी गायन कला, संगीत और वेशभूषा के साथ प्रश्नोत्तर शैली में प्रभु श्रीराम के आदर्शों का गुणगान किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि विधायक भइयालाल राजवाड़े ने कहा कि कोरिया जिले के गांव-गांव में मानस मंडलियां संचालित हैं। यह गौरव का विषय है कि अब पुरुष मंडलियों के साथ-साथ महिला मानस मंडलियां भी तेजी से आगे आ रही हैं और उत्कृष्ट गायन-वादन प्रस्तुत कर रही हैं। आयोजक वैद्य रामप्रसाद राजवाड़े ने बताया कि निर्णायक मंडल के सदस्य राजेंद्र सोनी और रविशंकर राजवाड़े ने अंकों के आधार पर विजेताओं की घोषणा की। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान मां जगदम्बा मानस मंडली (मांगा) ने प्राप्त किया। दूसरा स्थान मानस सलगवां कला (सोनहत) और तीसरा स्थान शारदा मानस मंडली (आमापारा) को मिला। साथ ही नवयुवक मानस मंडली सरभोका व अन्य को भी पुरस्कृत किया गया। महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्रज्ञा महिला मंडली (आंजोखुर्द) ने हासिल किया। दूसरा स्थान जागृति महिला मंडली (खोड) और तीसरा स्थान मां दुर्गा महिला मंडली (खरवत) के नाम रहा। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले विधिवत पूजन-आरती की गई। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।


