भास्कर न्यूज | डौंडी नगर के बंधियापारा में मानस मंथन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मोहनतीन चौरका, राजकुमारी आचला, बलिराम धनकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष रुपेश नायक एवं खिलेंद्र भूआर्यव किया गया। आदिवासी मानस मंडली भंडारीपारा के व्याख्याकार बिंदुराम ठाकुर ने मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। जग जननी मानस परिवार बेलरगोंदी की मंडली ने रामायण की प्रस्तुति दी। व्याख्याकार ने नारद मोह प्रसंग की सारगर्भित व्याख्या करते हुए कहा कि मोह का त्याग करने पर ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है और ईश्वर वही करते हैं, जिसमें हमारा हित निहित होता है। तीसरे क्रम में जय सियाराम मानस परिवार कोलियारी की प्रस्तुति हुई, जिसमें भगवान और भक्त के मिलन प्रसंग पर भावपूर्ण व्याख्यान दिया गया। चौथे क्रम में नवज्योति महिला मानस मंडली अकलवारा गुरुर ने केवट प्रसंग की मार्मिक व्याख्या कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। पांचवें क्रम में समर्पण मानस परिवार धरमपुरा रायपुर ने रावण–मंदोदरी प्रसंग पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अवध राम कुंभकार, केशव चक्रधारी, लक्ष्मण चक्रधारी, लखनलाल कुंभकार, किशोर श्रवण नेताम, तेजराम, जनक चक्रधारी, घनश्याम चक्रधारी, गोविंद कुंभकार, जागेश चक्रधारी, प्रदीप लटिया, विश्वनाथ कृषाण, रघुनाथ, शिवराम रनघाटी सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे।


