टोंक से भीलवाड़ा में मायरा भरने जा रहे लोगों की स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई और फिर खाई में गिर गई। कार में बैठे लोग अंदर फंस गए। जेसीबी से कार के गेट तोड़कर बाहर लोगों को निकाला, लेकिन तब तक 2 लोगों की मौत हो गई। 3 घायलों को शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया। सभी लोगों को बाहर निकालने के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। फुलिया कला थाना इलाके में राज्यास के पास हाईवे पर आई भैंसों को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। पहले देखिए हादसे की 3 तस्वीरें… जेसीबी से कार के गेट तोड़कर लोगों को निकाला
शाहपुरा थाने के एसआई बालकिशन शर्मा ने बताया- शाहपुरा क्षेत्र से निकल रहे नेशनल हाईवे-148 डी पर राज्यास के पास बुधवार शाम करीब 5:30 बजे हाईवे पर 3 भैंसों को बचाने की कोशिश में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कार सवार लोगों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे, लेकिन उनको बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद पास के खेत में खड़ी जेसीबी मंगाकर कार के गेट तोड़े और अंदर फंसे लोगों को निकाला। सिर में चोट लगने से 2 की मौके पर ही मौत
एसआई ने बताया- सिर में चोट लगने के कारण 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। सभी को बाहर निकालते ही स्कॉर्पियो ने आग पकड़ ली और कुछ ही मिनट में आग का गोला बन गई। सूचना के बाद फुलिया कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से सभी को शाहपुरा जिला अस्पताल लाया गया। 3 घायलों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया, जबकि दोनों शवों को शाहपुरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। घायल और मृतक आमली गांव के रहने वाले
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मालपुरा तहसील के आमली गांव के रहने वाले हैं। इनमें कजोड़ सिंह (45) पुत्र कालू सिंह और अजय सिंह (42) पुत्र कजोड़ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। शंकर सिंह (45) पुत्र शिवराज सिंह, विजय सिंह (35) पुत्र छोटू सिंह राजपूत और फूलचंद (40) पुत्र छीतर सांसी को गंभीर हालत में शाहपुरा से भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। सभी लोग आमली गांव से भीलवाड़ा की कोटड़ी तहसील के गेहुली गांव में मायरा भरने जा रहे थे।


