मायलावास चौराहा पर रात में अंधेरा, दिन में जल रही लाइटें

भास्कर न्यूज |मायलावास नेशनल हाइवे 325 मायलावास चौराहा पर एनएच हाइवे अथॉरिटी के कर्मचारियों की लापरवाही दिन में भी देखने को मिल रही है। पिछले एक साल से बंद पड़ी नेशनल हाइवे की लाइट को शुरू किए सात दिन भी नहीं हुए है कि हाइवे पर आधी से ज्यादा स्ट्रीट लाइट बंद हो चुकी है। साथ ही दिनभर मुख्य हाई मास्ट की लाइट दिनभर जलती रहती है। राज्य में बिजली संकट को लेकर प्रतिदिन ग्रामीण सहित शहरी क्षेत्रों में बिजली कटौती देखने को मिल रही हैं, जिसको लेकर सरकार लाखों रुपए के विज्ञापन सहित जनजागरूकता अभियान के तहत लोगों को बिजली बचाने के लिए जागरुक कर रही है। वहीं दूसरी ओर नेशनल हाइवे 325 मायलावास चौराहा पर दिन में भी जलती लाइट्स बिजली बचाने की बातों को हवाई साबित कर रही हैं। बिजली बचाओ का नारा केवल आमजन के लिए है लेकिन इन नारों को कहां तक सार्थक साबित किया जा रहा है, इसका अंदाजा मायलावास चौराहे पर दिन में जलती रोड लाइट को देखकर लगाया जा सकता हैं। विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते दिन में भी रोड लाइट जलती रहती हैं। शनिवार को भी पूरे दिन यात्रियों के लिए बनाए गए बस स्टैंड पर लगी रोड लाइटें जल रही थी। इसको बंद करने की जहमत न तो बिजली विभाग के किसी कर्मचारी ने समझी और न ही एनएच 325 के ठेकेदारों ने। मायलावास चौराहे पर कई माह से रोड लाइटें बंद थी जिन्हें शुरू कर दिया गया हैं लेकिन दिन के उजाले में इन लाइट्स को बंद करना भूल जाते हैं। मायलावास. दिन में जलती लाइट।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *