चित्तौड़गढ़ में इस साल मार्च महीने की शुरुआत ही तेज गर्मी के साथ हुई है। महीने के पहले हफ्ते में ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को दोपहर में तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर मार्च के शुरुआती दिनों में इतनी ज्यादा गर्मी महसूस नहीं होती, लेकिन इस बार फरवरी से ही गर्मी का असर दिखने लगा था। अब हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ कम नजर आने लगी है। लोग जरूरी काम सुबह या शाम के समय निपटा रहे हैं। दिन चढ़ते ही धूप तेज हो जाती है और सड़कों पर गर्म हवा का असर साफ महसूस किया जा सकता है। दोपहर में सन्नाटा, लोग छांव और गार्डन का सहारा ले रहे तेज धूप के कारण दोपहर के समय शहर में हल्का सन्नाटा देखने को मिल रहा है। जहां पहले दोपहर में भी बाजारों में चहल-पहल रहती थी, वहीं अब लोग घरों में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। जो लोग बाहर निकलते भी हैं, वे पेड़ों की छांव या गार्डन में बैठकर राहत लेने की कोशिश करते नजर आते हैं। पार्कों में सुबह और शाम की भीड़ तो बनी हुई है, लेकिन दोपहर में लोग खुले में बैठने से बच रहे हैं। स्कूल से लौटते बच्चों और काम से घर लौटते लोगों को भी धूप का असर साफ महसूस हो रहा है। गर्मी की शुरुआत में ही इस तरह का बदलाव लोगों की दिनचर्या में दिखने लगा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी, रातें भी हो रही गर्म मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आंकड़ों से साफ है कि दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में थोड़ी कमी आई है, लेकिन कुल मिलाकर रातें भी अब ठंडी नहीं रह गई हैं। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के पार जा चुका है, जिससे रात में हल्की गर्माहट महसूस होने लगी है। बीते कुछ दिनों में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जरूर देखा गया है, लेकिन दिन की गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। अगले एक हफ्ते तक मौसम रहेगा साफ और सूखा मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक हफ्ते तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाने या बारिश होने के कोई संकेत नहीं हैं। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे दिन की गर्मी और तेज हो जाएगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी गर्मी की शुरुआत है और आगे चलकर तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। मार्च के पहले ही हफ्ते में जिस तरह से गर्मी बढ़ी है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार गर्मी का मौसम सामान्य से ज्यादा तेज रह सकता है।


