भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं मौसम शुष्क रहने से जिले के दिन के तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी जारी है। दिन की धूप में तेजी रहने से गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री पहुंच गया है। जो सामान्य से 9.5 डिग्री अधिक है। इस बार मार्च के पहले पांच दिन दो साल बाद सबसे गर्म रहे। इससे पहले वर्ष 2023 में तीन दिन तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर रहा था। उस दौरान 5 मार्च को यह 32.6 डिग्री दर्ज किया गया था। एक सप्ताह से मौसम शुष्क होने से तापमान में बढ़ोतरी होने से सर्दी बेअसर होने लगी है। जिले में गुरुवार को भी अधिकतम तापमान में एक डिग्री तथा रात के तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिले में 22 फरवरी के बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। पिलानी मौसम केंद्र पर गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.9 व न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को 36.9 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मौसम साफ रहने से धूप में तेजी बढ़ेगी। दिन में पश्चिम से आ रही गर्म हवा के दबाव से गर्मी का असर तेज रहेगा। नया विक्षोभ या लोकल चक्रवात सक्रिय नहीं होने से तापमान में 3 से 4 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। मार्च महीने के शुरुआत में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सात साल में पहली बार मार्च के पहले पांच दिन में ही यह रिकॉर्ड 37.9 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2021 में 4 मार्च को यह 35.9 डिग्री दर्ज किया गया था।


