डौंडी| बुधवार को जनपद पंचायत डौंडी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता जनपद पंचायत डौंडी के सीईओ डीडी मंडले ने की। ब्लॉक के रोजगार सहायकों एवं आवास नोडल अधिकारियों से वित्तीय वर्ष 2024-26 तक के अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मनरेगा के तहत 90 मानव दिवस के समन्वय से मार्च तक अधिकतम आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीईओ मंडले ने द्वितीय किस्त भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पूर्ण आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं सोलर पैनल लगाए जाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) नीरज वर्मा, विकास विस्तार अधिकारी दीपेश रात्रे, आवास नोडल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


