छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान अगले सात दिनों तक लगभग स्थिर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम का प्रभाव बना हुआ है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रायपुर की बात करें तो 2 मार्च को राशहर में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अब देखिए ये तस्वीरें-
फरवरी में ठंड कम रही रायपुर की बात करें तो जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी आसमान आमतौर पर साफ बना रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से गुजरने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कभी-कभार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनती हैं। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलती हैं। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। कुछ स्थितियों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी चला जाता है। इसके साथ ही कुछ वर्षों में फरवरी महीने में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। रायपुर में 1893 को पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को पड़ी थी। उस दिन तापमान सिर्फ 5 डिग्री तक गिर गया था। वहीं सबसे ज्यादा गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। यानी फरवरी में भी कभी-कभी मई जैसी गर्मी पड़ सकती है। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह फरवरी के लिहाज से बहुत ज्यादा बारिश मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश हुई थी।


