मार्च में तपन : पिछले साल से 8 डिग्री ज्यादा

मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी के तेवर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो पिछले साल से 8 और साल 2024 से 12 डिग्री ज्यादा है। 6 मार्च 2025 को अधिकतम तापमान 29 डिग्री था। वहीं, 6 मार्च 2024 को 25 डिग्री ही था। रात का पारा भी 9 डिग्री तक बढ़ गया है। पिछले साल न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था, जो अब इस साल मार्च के पहले सप्ताह में बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच गया है। 3 साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि तापमान में इतनी तेजी है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा का असर दिखने लगा है। सुबह से धूप तेज हो जाती है और दोपहर तक गर्मी का असर बढ़ जाता है। मौसम विभाग के अनुसार इस माह तापमान में तेजी के ही आसार बने हुए हैं। मौसम विशेषज्ञ व पीजी कॉलेज के सहायक आचार्य दिनेशकुमार शर्मा ने बताया कि इस बार सूरज पर सौर कलंक चक्रों का प्रभाव है। इसी कारण गर्मी तेज हो रही है और सर्दी समय से पहले चली गई। प्रदेश में एंटी साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय होने से मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके कारण आसमान साफ है और तेज धूप सीधे जमीन को गर्म कर रही है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही उत्तर और पश्चिम दिशा से चल रही सूखी हवाएं वातावरण में नमी कम कर रही हैं, जिससे दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। सामान्यतः मार्च के शुरुआती दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से हल्के बादल या बारिश देखने को मिलती है। लेकिन, इस बार सिस्टम कमजोर है। इसी कारण तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं, बदलते जलवायु पैटर्न के कारण भी गर्मी का असर पहले ही दिखाई देने लगा है। इस माह में तापमान 40 डिग्री तक जाने के आसार हैं। बूंदी. 37 डिग्री तापमान के बाद दोपहर के समय वाहन चालक सावधानी बरत रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *