दतिया रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को हादसे में अज्ञात युवक की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई, लेकिन युवक का शव मालगाड़ी में फंसा हुआ स्टेशन तक पहुंच गया। शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी (रेलवे पुलिस) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस को मौके से मृतक के जूते और अन्य निजी सामान मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा युवक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, हालांकि मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुलिस सिम कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।


