नागौर माली समाज के पांचवे सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब ज़मीन पर दिखाई देने लगी हैं। विवाह स्थल पर विशाल डोम और टेंट आकार लेने लगे हैं, वहीं विवाह आयोजन की विशाल भोजन व्यवस्था के लिए माली समाज संस्थान परिसर स्थित भोजनशाला में विधिवत भट्टी पूजन कर रसोई कार्य का शुभारंभ किया गया।
नागौर में होने वाले इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत, केबिनेट मंत्री अविनाश गेहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गेहलोत और डीडवाना जिला कलेक्टर महेंद्र सिंह खड़गावत मुख्य अतिथि होंगे। इनके अलावा भी प्रदेश भर से समाज के नेता कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
तुलसी सहित 71 जोड़ों का होगा विवाह सैनिक क्षत्रिय माली सामूहिक विवाह समिति के तत्वावधान पंचम सामूहिक विवाह समारोह 19 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें तुलसी सहित एक साथ 71 वर-वधु वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। चार दिन पूर्व ही भोजन निर्माण की शुरुआत कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि ऐसा भव्य दृश्य नागौर में दो वर्ष बाद देखने को मिलेगा। आयोजन समिति द्वारा निर्धारित एक समान गणवेश में सभी वर राजाओं की एक साथ निकासी निकलेगी। 19 फरवरी को प्रातः 7:15 बजे माली संस्थान परिसर डीडवाना रोड से 70 दूल्हों की घोड़ी पर बारात निकलेगी। बारात चुंगी नाका, पंवारों का बास, बड़की बस्ती, जगावता, शक्कर तालाब होते हुए साडोकन रोड स्थित विवाह स्थल तक पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न मोहल्लों के समाज बंधुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
पंडित सुनील दाधीच के मार्गदर्शन में यज्ञ विधि के समक्ष सप्तपदी सहित धार्मिक अनुष्ठानों द्वारा पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। 18 फरवरी को घृतपान व विनायक पूजन होगा तथा शाम को विवाह स्थल पर प्रसिद्ध गैर डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न भामाशाहों के सहयोग से बस व्यवस्था भी की गई है, जिसमें वधुएं बारात के पीछे विवाह स्थल तक पहुंचेंगी।
तीन जोडे उपहार नहीं लेंगे- सामूहिक विवाह के मूल उद्देश्य को समझते हुए कुछ वर उपहार नहीं लेने की पहल कर रहे हैं। अब तक तीन वरों ने भामाशाहों की ओर से दिए जाने वाले उपहार स्वीकार नहीं करने का लिखित आवेदन दिया है। इनमें वर नंबर 32 पवन भाटी पुत्र घीसुलाल भाटी निवासी ताऊसर, वर नंबर 43 श्रीराम पुत्र बन्नाराम भाटी निवासी ताऊसर तथा वर नंबर 64 भरत कच्छावा पुत्र मेघराज कच्छावा निवासी बड़ली मोहल्ला, नागौर शामिल हैं।


