महाराष्ट्र के मालेगांव ब्लास्ट केस में स्पेशल NIA कोर्ट ने पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा समेत सातों आरोपियों को बरी कर दिया है। साल 2008 में महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में एक बाइक में धमाका हुआ था। इसमें छह लोग मारे गए और 101 घायल हुए थे। स्पेशल NIA कोर्ट का फैसला गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा में उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। ब्लास्ट केस में बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि पिछले 17 सालों से मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई। भगवा का अपमान करने वालों को भगवान सजा देंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आतंकवादी न कभी भगवा था, न है और न कभी होगा। वहीं, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि आतंकवाद को किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। कोर्ट के फैसले पर NDA और I.N.D.I.A ब्लॉक के नेताओं की प्रतिक्रिया पढ़िए… NDA के नेताओं के बयान 1. रविशंकर प्रसाद, भाजपा सांसद- आज का दिन ऐतिहासिक है। कांग्रेस के हिंदू आतंकवाद का षडयंत्र आज धाराशायी हो गया। किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं था। भाजपा इस फैसले का स्वागत करती है। ये साजिश धाराशायी हुई, इस पर हमें संतोष है और खुशी भी है। सच्चाई बहुत दिन तक झुठलाई नहीं जा सकती। यह वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस की सोची-समझी साजिश थी। 2. हिमंत बिस्वा सरमा, असम CM- केंद्रीय गृह मंत्री ने कल सदन में भी कहा था कि हिंदू आतंकवादी नहीं हो सकते क्योंकि हमारी संस्कृति और हमारी सभ्यता कभी आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देती। कांग्रेस के शासन के दौरान, एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए एक शब्दावली गढ़ी गई थी- ‘हिंदू आतंकवाद’। हिंदू और आतंक दो अलग अवधारणाएं हैं। हिंदू कभी आतंक में विश्वास नहीं करते और हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकते। 3. बसवराज बोम्मई, भाजपा सांसद- यह सत्य की जीत है। पूरे फैसले ने कांग्रेस की ‘भगवा आतंकवाद’ लाने की साजिश और गंदी राजनीति को उजागर कर दिया है, जबकि ऐसा था ही नहीं। यह उनकी खामियों को छिपाने और इस्लामी आतंकवादी समूहों का समर्थन करने के लिए किया गया था। यह पूरी तरह से उजागर हो गया है। कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। I.N.D.I.A ब्लॉक के नेताओं के बयान 1. अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी चीफ- जो बात आप (मीडिया) समझ रहे हो वही मैं समझ रहा हूं। जो आप कहना नहीं चाहते वो मैं नहीं कह रहा। कहीं ऐसा तो नहीं कि खबरें दबाने के लिए खबर आ रही हो? 2. दिग्विजय सिंह, कांग्रेस सांसद- आतंकवाद को किसी भी धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हिंदू आतंकवाद या इस्लामी आतंकवाद जैसी कोई चीज नहीं है। हर धर्म प्रेम, सद्भाव, सत्य और अहिंसा का प्रतीक है। 3. इमरान प्रतापगढ़ी, कांग्रेस सांसद – कांग्रेस पहले दिन से कह रही है कि धर्म का आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है। यह शब्द तत्कालीन गृह सचिव आरके सिंह ने गढ़ा था। भाजपा ने उन्हें 10 साल तक मंत्री और सांसद बनाकर अपने साथ बिठाए रखा। यह फैसला है, न्याय नहीं। भाजपा उन्हें आरोपी नहीं मान रही थी। कोर्ट बोला- बाइक प्रज्ञा की और कर्नल RDX लाए यह दोनों बातें साबित नहीं हुईं
महाराष्ट्र के मालेगांव ब्लास्ट केस में पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, कर्नल प्रसाद पुरोहित, रमेश उपाध्याय, अजय राहिरकर, सुधाकर चतुर्वेदी, समीर कुलकर्णी और सुधाकर धर द्विवेदी आरोपी थे। करीब 17 साल बाद आए फैसले में NIA कोर्ट के जज एके लाहोटी ने कहा कि जांच एजेंसी आरोप साबित नहीं कर पाई है, ऐसे में आरोपियों को संदेह का लाभ मिलना चाहिए। जज लाहोटी ने कहा कि धमाका हुआ था, लेकिन यह साबित नहीं हुआ कि बम मोटरसाइकिल में रखा था। यह भी साबित नहीं हुआ कि मोटरसाइकिल साध्वी प्रज्ञा के नाम थी और कर्नल प्रसाद पुरोहित ने बम बनाया। कोर्ट के फैसले से जुड़ी की पूरी खबर पढ़ें… ……………………………………….. ये खबर भी पढ़ें… मोदी राज्यसभा नहीं पहुंचे, खड़गे बोले- ये सदन का अपमान:शाह ने कहा- मैं जवाब दे रहा हूं, उन्हें क्यों बुलाना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में करीब डेढ़ घंटे भाषण दिया। उन्होंने शाम 7 बजे सदन में बोलना शुरू किया। विपक्ष ने हंगामा करते हुए PM मोदी को बुलाने की मांग की। इस पर शाह ने कहा- विपक्ष पूछ रहा है कि PM कहा हैं? PM इस वक्त ऑफिस में हैं, उन्हें ज्यादा सुनने का शौक नहीं है। मेरे से निपट रहा है, उन्हें क्यों बुला रहे हो। पूरी खबर पढ़ें…