रेगिस्तान में मावठ की बारिश होने के बाद बाड़मेर और बालोतरा जिला घना कोहरा छा गया है। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से कम हो गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं हवाएं चलने से सर्दी भी तेज हो गई है। दिन-रात का तापमान भी 2-3 डिग्री तक गिर गया है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है। दरअसल, बाड़मेर शहर सहित अधिकांश जिलों में शुक्रवार रात को अचानक मौसम बदलने के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हुई है। इससे ब्रेक लगी सर्दी का असर एक बार फिर से तेज हो गया। शुक्रवार को बढ़ा तापमान मावठ की बारिश से दुबारा गिर रहा है। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ आवाजाही हो रही थी। शनिवार शाम होने के साथ सर्दी भी तेज हो गई। रात को सर्द हवाएं चलने से लोगों की धुजणी छुड़ा दी। रविवार को सुबह घने कोहरे के साथ सर्दी भी तेज हो गई। बीते दिनों कम पड़ी सर्दी भी बढ़ी। रविवार को न्यूनतम 3 डिग्री गिरकर 10 डिग्री पहुंच गया है। सुबह करीब 9 बजे तक सूरज घने कोहरे में छुपा रहा। तेज सर्दी से कंपकंपी छूटने लगी है। सर्दी में सबसे ज्यादा परेशान बच्चे और बुजुर्ग नजर आए। विजिबिलिटी कम हुई कोहरा छा जाने से विजिबिलिटी कम हो गई। इससे हाईवे पर बड़े और छोटे वाहनों ड्राइवरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रकों ने हाईवे पर होटलों पर वाहनों को खड़ा करके कोहरा साफ होने का इंतजार किया। कोहरे की वजह से 100-150 मीटर दूर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। धूप खिलने के बाद आवागमन फिर से शुरू हुआ। समदड़ी में घना कोहरा समदड़ी कस्बे में घना कोहरा छा जाने से विजिबिलिटी कम हो गई। 100 मीटर की दूरी में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाइवे पर वाहनों पर ब्रेक लग गया। लोग गली और मोहल्ले में लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव करते नजर आए।


