जोधपुर। शहर के विवेक विहार थाना इलाके में 8 महीने की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में जिला विधिक प्राधिकरण ने स्वत: संज्ञान लिया है। इसके तहत प्राधिकरण के जोधपुर महानगर सचिव पुखराज गहलोत बुधवार को उम्मेद अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टर्स से पीड़िता बच्ची के उपचार एवं स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही यहां पीड़िता के परिजनों से भी बात कर उनकी आवश्यकताओं व परेशानी के बारे में जाना। यहां प्राधिकरण सचिव गहलोत ने बच्ची के संपूर्ण उपचार राज्य सरकार के खर्च पर निशुल्क करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित थाने से भी इस मामले की प्रोग्रेस रिपोर्ट लेकर कानूनी प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, पीड़ित परिवार को राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान कराने के लिए जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।


