अलवर जिले के खेड़ली कस्बे के पास भरतपुर सीमा में स्थित सामंतपुरा गांव के जंगलों में सोमवार को पहाड़ की तलहटी में मिट्टी में गड़ा एक युवक का शव बरामद हुआ था। हाथ पर लिखे नाम के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान खेड़ली निवासी नरेंद्र शर्मा के रूप में की। मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मृतक के घर में किराए पर रहने वाले एसबीआई बैंक के गार्ड मदन उर्फ मदन फौजी और उसके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मृतक के पिता शिवशंकर शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि वे 28 फरवरी को दोपहर में बांदीकुई देवताओं के प्रसाद चढ़ाने गए थे। अगले दिन लौटने पर किराएदार मदन ने बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच नरेंद्र और उसके बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें नरेंद्र द्वारा सिर पर वार करने से उसे चोट आई। झगड़े के करीब आधे घंटे बाद दो बाइक सवार चार-पांच युवक आए और कपड़े धो रहे नरेंद्र को कथित तौर पर जबरन साथ ले गए। परिजनों को आशंका है कि झगड़े के बाद मदन ने ही साजिश रचकर हत्या करवाई। हालांकि यह भी सामने आया है कि नरेंद्र के खिलाफ पूर्व में कुछ आपराधिक मामले दर्ज थे, जिससे रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के चाचा उदयशंकर ने आरोप लगाया कि पहले मदन ने नरेंद्र को शराब पिलाई, फिर दोनों में विवाद हुआ। झगड़े के बाद मदन पट्टी करवाने गया और कुछ देर बाद साथियों को भेजकर नरेंद्र का अपहरण करवा दिया। हत्या के बाद शव सामंतपुरा के जंगल में मिट्टी में गाड़ दिया गया। नरेंद्र पर पहले से गैंगरेप, रेलवे कर्मचारी की बाइक चोरी करने और कई मामले दर्ज थे। इसलिए वह उदयपुर में स्लिपर बस में काम करता था और 26 फरवरी को ही घर आया था। परिजनों के अनुसार नरेंद्र दो भाइयों में बड़ा था और हाल ही में 26 फरवरी को घर लौटा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। (इनपुट; रोहित सिंघल)


