मिडिल ईस्ट में जारी ईरान – इजरायल तनाव का असर अब भी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पर साफ नजर आ रहा है। सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस प्रतिबंधों के चलते जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए संचालित होने वाली चार फ्लाइट्स को बुधवार को लगातार पांचवे दिन भी रद्द कर दिया गया है। लगातार हो रहे फ्लाइट कैंसिलेशन की वजह से पैसेंजर्स को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सबसे पहले एतिहाद एयरवेज की अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट EY – 329 कैंसिल कर दी गई है। यह फ्लाइट जयपुर से रोजाना रात 3 बजकर 15 मिनट पर अबू धाबी के लिए रवाना होती है, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसका संचालन स्थगित कर दिया गया है। इसी तरह एयर अरेबिया की अल सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर संचालित होने वाली फ्लाइट भी रद्द रही। एयर अरबिया की फ्लाइट G9 – 436, जो शारजाह के लिए जाती है, उसे भी कैंसिल कर दिया गया है। इससे खासतौर पर उन यात्रियों को परेशानी हुई, जिन्होंने बिजनेस या कनेक्टिंग फ्लाइट्स के लिए ट्रैवल प्लान बनाया था। इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली फ्लाइट IX – 195 भी कैंसिल रही। यह फ्लाइट सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए उड़ान भरती है। वहीं स्पाइसजेट एयरलाइंस की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG – 57 भी आज संचालित नहीं हो सकी। यह फ्लाइट सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए रवाना होती है। लगातार फ्लाइट्स रद्द होने से एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कैंसिलेशन की वजह से उन्हें होटल बुकिंग, वीजा वैधता और कनेक्टिंग फ्लाइट को लेकर परेशानी उठानी पड़ रही है। एयरलाइंस कंपनियां प्रभावित यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दे रही हैं। लेकिन फिर भी पैसेंजर्स की परेशानी कम नहीं हो रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में हालात सामान्य होने तक फ्लाइट संचालन प्रभावित रह सकता है। एयरस्पेस में अस्थायी बंदिशें और सुरक्षा एडवाइजरी के चलते एयरलाइंस एहतियात बरत रही हैं। पैसेंजर्स को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस की जानकारी जरूर लें। ऐसे में अगर मिडिल ईस्ट के हालत में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में भी खाड़ी देशों के लिए उड़ानों पर असर जारी रह सकता है। जयपुर से दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए बड़ी संख्या में पैसेंजर्स रोजाना सफर करते हैं, ऐसे में यह स्थिति पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर सकती है। — ये खबर भी पढ़ें युद्ध के कारण खाड़ी देशों की उड़ाने रद्द:जयपुर से दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल मध्य-पूर्व के देशों में चल रहे युद्ध के कारण खाड़ी देशों की तरफ जाने वाली फ्लाइट्स आज भी रद्द रही। जयपुर से दुबई, अबू धाबी और शारजाह की फ्लाइट्स आज भी उड़ान नहीं भर सकी। इस कारण इन देशों में फंसे सैंकड़ों यात्री और यहां से इन देशों में जाने वाले यात्री फंस गए है। (पूरी खबर पढ़ें)


