बरनाला जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बता दे कि यह घटना सहबाजपुरा गांव के पास हुई, जहां एक मिनी बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान तरनवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मिनी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस स्टेशन महलकलां के एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने छापा निवासी दर्शन सिंह के बयान पर मिनी बस ड्राइवर मेजर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दर्शन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने भतीजे तरनवीर सिंह के साथ कुत्बा गांव से सहबाजपुरा गांव की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण तरनवीर सिंह अपनी बाइक पर सवार था, जबकि दर्शन सिंह अपनी प्लैटिना मोटरसाइकिल पर उसके पीछे चल रहे थे। इसी दौरान सहबाजपुरा गांव की ओर से आ रही एक मिनी बस, जिसे मेजर सिंह तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था, उसने तरनवीर सिंह की मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज टक्कर इतनी भीषण थी कि तरनवीर सिंह मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मिनी बस ड्राइवर मेजर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


