सिटी रिपोर्टर | बोकारो मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई बोकारो की ओर से बुधवार को जेएसएलपीएस कार्यालय में फोस्टर केयर पालन-पोषण एवं ऑफ्टर केयर योजना को लेकर एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन एवं बीपीएम ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य फोस्टर केयर एवं ऑफ्टर केयर योजनाओं की विस्तृत जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाना तथा जरूरतमंद बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल को मजबूत करना था। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिल ने कहा कि योजना को जेएसएलपीएस के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाया जाएगा। समाज के सहयोग से ही असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई। संचालन विनय कुमार बिश्वास जिला तकनीकी विशेषज्ञ सेंटर फॉर चाइल्ड राइट्स एवं अजीत राणा संरक्षण अधिकारी गैर संस्थागत देखभाल डीसीपीयू ने किया। उन्होंने फोस्टर केयर की प्रक्रिया, पात्रता, चयन एवं आफ्टर केयर के तहत बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा की जानकारी दी।


