पटना | 16 जनवरी को सरदार बल्लभ भाई पटेल हायर सेकेंडरी स्कूल, पटना में मिशन 100 कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों की वार्षिक परीक्षा तैयारी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय व सहायक संचालक शिक्षा विभाग जितेंद्र गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई की स्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति व परीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीईओ विनोद कुमार राय ने विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने नियमित अध्ययन, समय सारिणी बनाकर पढ़ाई करने और पाठ्यपुस्तकों के साथ कक्षा में पढ़ाए गए विषयों के निरंतर पुनरावलोकन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कठिन विषयों को प्राथमिकता देकर समझने और अभ्यास प्रश्नों को हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और परीक्षा का डर कम होता है। सहायक संचालक शिक्षा विभाग जितेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव से बचने की सलाह दी। उन्होंने सकारात्मक सोच बनाए रखने, समय प्रबंधन का सही उपयोग करने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर शिक्षकों से तुरंत समाधान लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षकों से बैठक कर मिशन 100 के उद्देश्यों की समीक्षा की और छात्रों के शैक्षणिक स्तर में और सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


