मुंगेली कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक ली:लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, बोले- हर हफ्ते होगी समीक्षा

मुंगेली कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित और समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य सचिव की मंशा के अनुरूप सभी राजस्व संबंधी प्रकरणों का सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। रिकॉर्ड दुरुस्ती, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन और नक्शा बटांकन की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु से पहले सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लिया जाए, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने कहा- राजस्व को लेकर हर सप्ताह समीक्षा होगी कलेक्टर ने बताया कि राजस्व से संबंधित प्रत्येक बिंदु की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी और प्रगति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) और पटवारियों से बात कर उन्हें बेहतर कार्य करने तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में पटवारी और राजस्व निरीक्षकों के बीच उत्पन्न गतिरोध के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में तहसीलदार ने बताया कि आपसी संवाद और समन्वय से समस्या का समाधान कर लिया गया है। सभी राजस्व निरीक्षक और पटवारी अपने कार्य पर लौट आए हैं और पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्व अमला मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश कलेक्टर ने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुरूप राजस्व कार्यों में प्रगति सभी राजस्व अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को जनसहयोग की भावना से कार्य करने, आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने और बेहतर कार्यप्रदर्शन के माध्यम से सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने यह भी घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि कार्य संस्कृति में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्साह का वातावरण बने। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *