मुंगेली कलेक्टर ने विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण:25 अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन कटेगा, नोटिस जारी

मुंगेली जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 25 अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने नजूल शाखा, भू-अभिलेख शाखा, शिक्षा विभाग, डीएमएफ शाखा, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता विभाग, आदिवासी विकास विभाग, अंत्यावसायी विभाग, रीडर व आवक-जावक शाखा, समाज कल्याण विभाग, वरिष्ठ लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष और आबकारी विभाग सहित कई विभागों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता और पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। जिन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग विभाग केन्द्र के महाप्रबंधक किशोर राजपूत व सहायक प्रबंधक उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा के अधीक्षक रिचा गुप्ता व सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड 2 व 3, स्टेनोटायपिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्यालयों की कार्यक्षमता और आमजन की सुविधा के लिए अनुशासन एवं समयपालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *