संसद भवन के बाहर हुए हंगामे के दौरान बीजेपी सांसद घायल हाे गए थे। इसके विरोध में मुंगेली जिले में भाजपाइयों ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोरमी में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रैली निकालकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहर के पुराना बस स्टैंड से मुंगेली चौक पर पहुंचे। फिर यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस के जवानों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सांसदों और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह वरिष्ठ भाजपा सांसदों के साथ जो हरकत की उसे पूरे देश ने देखा है। पूरी पार्टी और राहुल गांधी को भाजपा सांसदों से माफी मांगनी चाहिए। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी के सांसदों ने लोकतंत्र के मंदिर में जिस तरह से हिंसा की घटना को अंजाम दिया है, वो बेहद ही शर्मनाक है। इस मामले में राहुल गांधी और घटना में शामिल सांसदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


