मुंगेली जिले में स्कूली शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि इस प्रक्रिया से शिक्षकों की उपस्थिति और छात्र-शिक्षक अनुपात में सुधार होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल को बंद नहीं किया जाएगा। जहां शिक्षक अधिक हैं, वहां से उन्हें जरूरतमंद स्कूलों में भेजा जाएगा। इससे एकल शिक्षक और शिक्षक विहीन स्कूलों की समस्या दूर होगी। एक ही परिसर में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक कक्षाएं चलेंगी। इससे बच्चों को बार-बार स्कूल नहीं बदलना पड़ेगा। ड्रॉपआउट दर कम होगी और स्कूल संचालन खर्च भी घटेगा। संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा। कलेक्टर ने शिक्षकों, पालकों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा है। उनका कहना है कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा और जिले का भविष्य बेहतर होगा।


