मुंगेली जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रभाकर पाण्डेय ने जिले की तीनों जनपद पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) में कुल 76 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीईओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में जनपद पंचायत मुंगेली में 29, जनपद पंचायत लोरमी में 22 और जनपद पंचायत पथरिया में 25 अधिकारी-कर्मचारी बिना किसी पूर्व अनुमति या संतोषजनक कारण के अनुपस्थित मिले। इन सभी 76 कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। सीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही माना है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी- CEO जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि शासन की ओर से लागू की गई आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश सीईओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय उपस्थित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शासकीय कार्यों में गति और गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।


