मुंगेली जिले के दोनों जनपद पंचायतों में भाजपा ने इतिहास रच दिया है। मुंगेली और लोरमी जनपद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मुंगेली जनपद पंचायत में रामकमल सिंह परिहार अध्यक्ष और विधायक पुन्नूलाल मोहले की बहू पुष्पलता मोहले उपाध्यक्ष बनी हैं। वहीं लोरमी जनपद पंचायत में वर्षा सिंह अध्यक्ष और राजेन्द्र साहू उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। केवल भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने ही भरा नामांकन दरअसल, मंगलवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया में केवल भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किए। कांग्रेस सहित किसी अन्य दल ने चुनाव में भाग नहीं लिया। निर्वाचन अधिकारियों ने अन्य उम्मीदवारों का इंतजार किया, लेकिन कोई प्रत्याशी सामने नहीं आया। दोनों जनपद पंचायतों में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का कारण बन गई है। भाजपा ने पहली बार दोनों जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर एक साथ कब्जा जमाया है। कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी लोरमी में अध्यक्ष पद के लिए वर्षा सिंह ले बाद किसी ने अध्यक्ष के लिए फार्म ही जमा नहीं किए। इसी तरह राजेन्द्र साहू पर बीजेपी ने विश्वास जताते हुए उपाध्यक्ष के लिए अपना प्रत्याशी बनाया। जहां किसी ने भी उपाध्यक्ष के लिए फार्म जमा नहीं किया। जिसके चलते लोरमी जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी पर बीजेपी ने निर्विरोध रूप से कब्जा कर लिया।


