सादड़ी के मुंडारा स्थित चामुंडा माता मंदिर में दानपात्र चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर के मुख्य पुजारी राज्यमंत्री ओटाराम देवासी है, जो कि घटना के समय घटनास्थल से महज 30 फीट दूरी पर खुले में सो रहे थे। घटना मंगलवार रात करीब सवा 12 बजे की है। मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य गजेंद्र सिंह करणोत ने बताया कि राज्यमंत्री ओटाराम देवासी रात को 11 से 12 बजे के बीच चेन्नई से मंदिर परिसर में लौटे थे। मंत्री की सुरक्षा में MBC मेवाड़ भील कोर तैनात कर रखे हैं। जो घटना के समय मौजूद नहीं थे। इसी दौरान चोरों ने मंदिर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सीसीटीवी की केबल काट दी। इसके बाद मंदिर परिसर में घुसे। मंदिर के मुख्य गेट के पास लगा दान पात्र सरिये से उखाड़कर ले गए। चोर करीब 2 घंटे तक मंदिर परिसर में रहे और दानपात्र उठाकर मंदिर के पीछे खाली जगह में ले गए। जहां उसमें रखी अनुमानित 4-5 लाख की नकदी चुरा ली। साथ ही मंदिर भवन की छत पर सो रहे युवक का मोबाइल भी चुरा लिया। सवेरे मंदिर में मौजूद लोग उठे तो दानपात्र गायब मिला। इसकी सूचना सादड़ी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर सादड़ी पुलिस सीआई हनवंत सिंह सोढ़ा, मंदिर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष और बाली तहसीलदार जितेंद्र सिंह समेत समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आस-पास लगे सीसीटीवी की जांच की जा रही है। गजेंद्र सिंह करणोत ने बताया कि दानपात्र 21 फरवरी को खोला गया था। जिसमें करीब 5 लाख से ज्यादा चढ़ावा प्राप्त हुआ था। दानपत्र के भरने के बाद प्रबंधन समिति द्वारा खोला जाता है। इस बार नवरात्रि होने के चलते दानपात्र में राशि ज्यादा होने का अनुमान जताया जा रहा था।