भास्कर न्यूज |लुधियाना मुंडिया कलां स्थित पॉश कॉलोनी जी.के एस्टेट में चोरों ने शनिवार रात को बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने भीतर से घर का ताला तोड़कर अलमारियों से लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालिक काम के सिलसिले में बाहर था, जबकि परिवार मायके गया हुआ था। पीड़ित विकास गुप्ता के अनुसार उनकी पत्नी और बच्चे कुछ दिनों से मायके गए थे और वह खुद व्यापारिक काम से दिल्ली में थे। शनिवार सुबह रोजाना की तरह घर की सफाई करने वाली महिला जब पहुंची तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उसने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलने पर विकास गुप्ता मौके पर पहुंचे तो घर का नजारा देखकर सन्न रह गए। करीब 24 तोले सोने के आभूषण और घर में रखी नकदी चोरी होने की पुष्टि हुई है। घर पूरी तरह से बंद था, जिससे आशंका है कि चोरों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर आराम से वारदात को अंजाम दिया। कमरे में अस्त-व्यस्त पड़ा सामान ।


