थार कार वॉश कराने आए युवक को कार से बाहर निकालकर लाठी-हॉकी से जमकर पीटा, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घटना बुधवार दोपहर की है। गुरुवार को पीड़ित के पिता की ओर से कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया है। देखे घटना से जुड़ी PHOTOS….. युवक अल्कापुरी पुलिया के पास थार की वॉश करवा रहा था और स्वयं कार में ही बैठा था। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि करीब 8 सेअधिक युवक एक ब्लैक कार और बाइकों पर सवार होकर मुंह पर रूमाल बांधकर आए। आते ही आरोपियों ने थार का शीशा तोड़ दिया और युवक को कार के अंदर ही पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे बाहर निकालकर बीच सड़क पर लाठी-डंडों और हॉकी से बेरहमी से मारपीट की। कुछ युवकों ने उसे पकड़ रखा था, जबकि अन्य उस पर वार करते रहे। इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बचाने का प्रयास नहीं किया। पीड़ित युवक के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि बुधवार को उनका बेटा लियाकत थार कार को वॉश कराने और उसमें कुछ कार्य करवाने अल्कापुरी गया था। तभी वहां राहुल बाउंसर, मोनू मीणा, परमजीत, प्रवीण गुर्जर, बंटी सिंह, जहीर, लोकी सिंह और अनुराग मीणा सहित अन्य लोग पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने लाठी-हॉकी से हमला किया, जिससे उनके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने युवक के गले से चांदी की चेन और जेब में रखे 13 हजार रुपये निकाल लिए। राहुल बाउंसर और मोनू ने देशी कट्टा और पिस्टल दिखाकर धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट दी तो जान से मार देंगे। मारपीट में घायल युवक को कई जगह फ्रैक्चर आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


