पंजाब के जिला मुक्तसर के मलोट में एक निजी फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में दिन दिहाड़े लूट की कोशिश की गई। दो लुटेरे फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में घुसे और कंपनी के मालिक से पैसे की मांग करने लगे। कंपनी के मालिक ने लुटेरों से संघर्ष किया, जिस कारण एक लुटेरा फरार हो गया, जबकि दूसरे को आसपास के दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना करीब आज शाम साढ़े चार से पांच बजे के बीच की है। जब दो लुटेरे बाइक पर सवार होकर फाइनेंस कंपनी दफ्तर पहुंचे। युवकों के हाथ में तेजधार हथियार थे। उन्होंने कंपनी के मालिक रूड़ सिंह से पैसे की मांग की। संघर्ष के दौरान रूड़ सिंह के हाथ पर चोट आई। शोर मचाने पर एक लुटेरा फरार हो गया, जबकि दूसरे को दुकानदारों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लुटेरे की बाइक जब्त पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काबू किए गए लुटेरे को हिरासत में लिया और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की नाकामी पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।


