सरायकेला-खरसावां में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने पारा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सोनू सरदार (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। सोनू सरदार यशपुर पंचायत की मुखिया पार्वती सरदार के पति थे। वो अपनी कार से रात में एक शादी से अकेले ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़डीह गांव के पास उन्हें गोली मार दी गई। घटना क्यों और किसने की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। सोनू सरदार एक सक्रिय समाजसेवी: अर्जुन मुंडा इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एसपी से फोन पर बात कर मामले का शीघ्र खुलासा और अपराधियों को सख्त सजा दिलाने की बात कही। अर्जुन मुंडा ने कहा- सोनू सरदार एक सक्रिय समाजसेवी और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी व्यक्ति थे। उनकी लोकप्रियता के चलते उनकी पत्नी मुखिया बनी थीं। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाना अत्यंत जरूरी है। छाती पर सटाकर छह-सात गोलियां मारी सोनू सरदार को अपराधियों ने उनकी कनपटी और छाती पर सटाकर छह-सात गोलियां मारी है। अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गम्हरिया थाना के सामने कुछ देर के लिए समर्थकों ने आदित्यपुर-कांड्रा रोड को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने और अपराधियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया।