मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल 4 जनवरी को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। दोनों सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के खड़गदा गांव में आयोजित रामकथा में हिस्सा लेंगे। इसे लेकर दोनों का कार्यक्रम आ चुका है। रामकथा आयोजन समिति और प्रशासन की ओर से तैयारियां कर ली गई हैं। खड़गदा गांव के मोरन नदी के किनारे 28 दिसम्बर से रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। मोरन नदी के संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता को लेकर आयोजित रामकथा में 4 जनवरी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल खड़गदा आएंगे। रामकथा वाचक कमलेश भाई शास्त्री कथा करेंगे। दोनों नेता सुबह करीब 11 बजे विशेष हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्री पाटिल गुजरात से आएंगे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल उदयपुर से विशेष हेलीकॉप्टर से आएंगे। दोनों रामकथा में शामिल होंगे। दोनों करीब 3 घंटे तक रामकथा में बैठेंगे। इस दौरान उन्हें मोरन नदी के संरक्षण को लेकर चल रहे कार्य और प्रोजेक्ट के बारे में बताया जाएगा। दोपहर करीब 2 बजे वापस रवाना होंगे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर हेलीपेड, मुख्य मार्ग और कथा स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


