मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, कोंडागांव में 305 जोड़ों की शादी:नवविवाहितों को मिली 50 हजार की सहायता राशि, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कोंडागांव के विकास नगर मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 10 फरवरी को इस अवसर पर 305 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर दाम्पत्य जीवन की नई शुरुआत की। विधायक लता उसेंडी ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। इसमें से 35 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाती है, जिससे नवदंपत्ति अपने भविष्य को बेहतर बनाने में उपयोग कर सकें। विधायक ने कहा कि इस पहल से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता दूर हुई है। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को सशक्त बनाना और हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रयास करना है। उसेंडी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों से एक-एक पेड़ लगाने का आग्रह भी किया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने भी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। उन्होंने लोगों से विवाह आयोजनों में फिजूलखर्ची से बचने और पारंपरिक तरीके से विवाह संपन्न कराने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 35 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया। यह कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें नवदंपत्तियों के परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *