मुख्यमंत्री के बूंदी दौरे की तैयारियों को जांचा:ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने की चर्चा, बूंदी जिले से 15 हजार लोग लाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगामी 7 मार्च को कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट पर प्रस्तावित दौरे को लेकर सोमवार को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बूंदी जिला प्रभारी मंत्री और ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पूर्व, भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक में 300 बसों में 15,000 लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में ऊर्जा राज्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों की बिंदुवार और गहन समीक्षा की। उन्होंने व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी बेहतर समन्वय के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूर्ण करें।
प्रभारी मंत्री नागर ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट कनेक्टिविटी की निर्बाध और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना एवं संचार तंत्र में कोई बाधा न आए, इसके लिए सभी वांछित तकनीकी उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से स्थापित कर उनका परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले आमजन के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रहे और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षित और सुसज्जित बैठक कक्ष तथा वेटिंग रूम भी तैयार करवाने के निर्देश दिए गए। जिला प्रभारी मंत्री ने वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को बेहद सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके लिए पार्किंग स्थल पर अनाउंसमेंट की व्यवस्था रखने को कहा गया, जिससे कार्यक्रम में आने वाले आमजन को वाहन पार्क करने और आयोजन स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। उन्होंने आमजन के कार्यक्रम स्थल तक सुगमता से पहुंचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और रूट चार्ट अभी से निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला कलेक्‍टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक राजेन्‍द्र कुमार मीणा, पूर्व विधायक केशोरायपाटन चन्‍द्रकांता मेघवाल, तालेडा के पूर्व प्रधान राजेश रायपुरिया, अतिरिक्‍त जिला कलेक्‍टर रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा सहित विभिन्‍न विभागों के जिला स्‍तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *