जगतपुरा में शुक्रवार को स्वदेशी जागरण मंच की ओर से उद्यमी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे उद्यमियों को सम्मानित किया गया। समारोह में उद्योग, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की जरूरत पर बात की। उन्होंने बताया कि स्वदेशी हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है और इसी ताकत के साथ भारत आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे और स्थानीय उद्यमियों की भूमिका देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम है।
स्वदेशी और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सदियों पहले भारत के कपड़ा और हस्तशिल्प उत्पाद दुनिया के बाजारों में पहचान रखते थे। मुर्शिदाबाद की मलमल, बनारस का रेशम और राजस्थान की लहरिया-बंधेज जैसे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच इस पहचान को आगे बढ़ाने और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार के लिए लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड जैसे अभियानों की शुरुआत की। कोरोना काल के दौरान भारत ने कई देशों को दवाइयां और वैक्सीन भेजीं, जो देश की उत्पादन क्षमता और आत्मनिर्भरता का उदाहरण है।
छोटे उद्यमियों से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे और स्थानीय उद्यम भी आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय उत्पादों की खरीद से उससे जुड़ी पूरी सप्लाई चेन को फायदा मिलता है। राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पंच गौरव कार्यक्रम लागू कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया, जिसमें करीब 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश के एमओयू हुए हैं। इनमें से करीब 8 लाख करोड़ रुपए के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग भी हो चुकी है।
पर्यटन और हस्तशिल्प भी प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान की हस्तशिल्प कला की दुनिया भर में मांग है। किले, महल, अभ्यारण्य और मंदिर प्रदेश के पर्यटन को मजबूत करते हैं। शेखावाटी की हवेलियां भी प्रदेश की धरोहर हैं और सरकार इनके संरक्षण के लिए काम कर रही है।
समारोह में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर. सुंदरम, राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल, अखिल भारतीय महिला प्रमुख अर्चना मीणा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जयपुर प्रांत के संघचालक महेंद्र सिंह मग्गो सहित कई लोग मौजूद रहे।


