मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 फरवरी को बिलासपुर के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में छत्तीसगढ़ स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को धान खरीदी की प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। इस दौरान राज्य के 25 लाख किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे भेजी जाएगी। यह जानकारी बिल्हा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने दी है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी लाई गई है। गुरुवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल पर योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रहंगी के खेल मैदान में इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए एक विशाल डोम तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ करने के साथ ही विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपए के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से रहंगी पहुंचेंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य सभामंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थलों का चिन्हांकन किया। उन्होंने सभी तैयारियों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। खेल मैदान के पास ही हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का भी अवलोकन कर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने की योजना बनाई। एसएसपी ने सुरक्षा और ट्रैफिक की योजना बनाई एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और प्रवेश-निकास व्यवस्था की विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


