मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन अपनी पत्नी के साथ ओरछा पहुंचे। उन्होंने रामराजा सरकार के दर्शन किए और फिर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक-पर्यटन विकास प्रोजेक्ट रामराजा लोक के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। मुख्य सचिव जैन रविवार सुबह ओरछा पहुंचे और सबसे पहले रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन कर प्रदेश व जनता की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शन के उपरांत मुख्य सचिव रामराजा लोक प्रोजेक्ट स्थल पर पहुंचे। इस परियोजना को ओरछा को विश्वस्तरीय धार्मिक-पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उन्होंने रामराजा लोक के फेस-1 और फेस-2 के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। आर्किटेक्ट और प्रोजेक्ट टीम ने उन्हें विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान निर्माण की गति, डिजाइन और स्थानीय विरासत संरक्षण पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने मुख्य सचिव को परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्यों से अवगत कराया। रामराजा लोक के निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने अपनी पत्नी के साथ ओरछा की ऐतिहासिक धरोहरों का भी भ्रमण किया। उन्होंने राय प्रवीण महल का निरीक्षण कर बुंदेलखंडी कला और स्थापत्य की सराहना की। इसके बाद उन्होंने ओरछा की प्रसिद्ध छतरियों का भ्रमण कर उनकी खूबसूरती और संरक्षण कार्यों की प्रशंसा की। भ्रमण के पश्चात मुख्य सचिव रामराजा लोक परियोजना को लेकर अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके उपरांत वे दोपहर 2 बजे आने वाले दिनों में खजुराहो में आयोजित कैबिनेट बैठक के लिए प्रस्थान करेंगे।


