सलूम्बर जिले वी सी कक्ष मे मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के जिला कलेक्टरों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सिविल सेवा दिवस 2026 के आयोजन की तैयारियों और आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की सुचारु व्यवस्था पर विस्तृत समीक्षा की गई। संभाग और जिला स्तर के प्रशासनिक अधिकारी भी वर्चुअली जुड़े। अधिकारी और कर्मचारी होंगे सम्मानित बैठक के दौरान, मुख्य सचिव ने सिविल सेवा दिवस 2026 को गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह दिवस प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने और सुशासन की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की रूपरेखा को पीपीटी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। पेयजल व्यवस्था पर समीक्षा इसके अलावा आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेशभर में पेयजल उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के दौरान कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जल स्रोतों की नियमित निगरानी, खराब हैंडपंपों की समय पर मरम्मत, जलाशयों की स्थिति की समीक्षा तथा जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की लगातार निगरानी रखने और जल जीवन मिशन की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी कार्य विभागीय समन्वय के साथ किए जाएं, ताकि गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जल संरक्षण के उपायों को प्राथमिकता देते हुए लोगों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। ये रहे मौजूद बैठक में 8 मार्च को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिले से जिला कलेक्टर अवधेश मीणा,अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश रॉय सापेला, उपनिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग दीपक धाकड़, एसीईओ दिनेश पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


