मुरिया समाज अमर शहीद झाड़ा सिरहा स्मृति दिवस आज मनाएगा

भास्कर न्यूज | कोंडागांव मुरिया समाज जिला इकाई द्वारा गुरुवार को अमर शहीद झाड़ा सिरहा की स्मृति में स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुरिया समाज ने इसे सामाजिक जागरूकता ग्राम संगठन वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज गांव-गांव जाकर सामाजिक एकजुटता, संगठन और स्वाभिमान को मजबूत करने का प्रयास करेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता का संदेश पहुंचे। मुरिया समाज जिला इकाई कोंडागांव ने सगा समाज के सभी माय-माता, सियान, जुवान, गांयता, पेरमा, पटेल, पुजारी और समाज बंधुओं से इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। झाड़ा सिरहा मुरिया समाज के महान जननायक और मुरिया विद्रोह (1876) के सूत्रधार थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ पहला जन आंदोलन खड़ा किया था। मुरिया दरबार की स्थापना कर उन्होंने हजारों मुरिया युवाओं को संगठित किया, जो तीर, धनुष, भाला जैसे पारंपरिक हथियारों से लैस होकर शोषण के विरुद्ध खुलकर खड़े हुए। यह विद्रोह आदिवासी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की पहली बड़ी आवाज थी, जिसने अंग्रेज हुकूमत को चुनौती दी। आज के दौर में जब सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर संकट मंडरा रहा है, तब झाड़ा सिरहा की विरासत को फिर से याद करना और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *