मुरैना एसपी ऑफिस पर भीम आर्मी का प्रदर्शन:रिटायर्ड फौजी पर गंभीर आरोप, न्याय की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी

मुरैना के अंबाह क्षेत्र में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एसपी ऑफिस के सामने सड़क प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने अंबाह में विष्णु करोरिया पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप है कि रिटायर्ड फौजी गिरधर तोमर और उसके साथियों ने मामूली विवाद में यह हमला किया था। फरियादी विष्णु करोरिया के अनुसार, उनकी दुकान पर रिटायर्ड आर्मी जवान गिरधर तोमर अपने साथियों के साथ पहुंचे और मामूली बात पर पिस्तौल से डराने और धमकाने लगे। इसके बाद विष्णु करोरिया के साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके पैर में गंभीर चोट आई। हमले के बाद घायल विष्णु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष रणवीर जाटव का कहना है कि पुलिस ने अब तक आरोपी गिरधर तोमर और उसके साथियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनकी गिरफ्तारी न होने से कार्यकर्ता और परिजन आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी मुरैना जिला बंद करने का आह्वान करेगी। प्रदर्शनकारियों में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष रणवीर जाटव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नीरज चनसोरिया, मनोज सेमिल, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। धरना प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की अब तक की प्रतिक्रिया को असंतोषजनक बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *