मुरैना के दिमानी थाना क्षेत्र के बड़गांव नावली में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर चार लोग हथियार के साथ गांव के ही एक युवक के घर जा पहुंचे। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे और आते ही गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। पीड़ित पक्ष ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और पुलिस को सूचना भी दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपियों पर मामला भी दर्ज किया लेकिन कट्टे का जिक्र एफआईआर में नहीं है। युवक के साथ मारपीट पीड़ित भूरा तोमर पुत्र निरपाल तोमर, उम्र 28 साल, अपने घर पर था। तभी गांव के पप्पू तोमर, अभिषेक तोमर, सुजीत तोमर और विश्वजीत तोमर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। भूरा के मुताबिक आरोपियों ने उसे घेर लिया और जमकर पीटा। कट्टा दिखाकर दी धमकी मारपीट के दौरान आरोपियों में से एक युवक ने कमर में रखा कट्टा निकालकर लहराया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हथियार साफ तौर पर देखा जा सकता था और इससे परिवार के लोग डर गए। घटना के दौरान घर में मौजूद एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। वीडियो में मारपीट और कट्टा होने का दावा किया जा रहा है। भाईयों ने पहुंचकर बचाया भूरा को पिटता देख उसके भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव किया और किसी तरह उसे आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। परिजनों का आरोप है कि जब आरोपियों ने देखा कि वीडियो बनाया जा रहा है तो पप्पू तोमर ने मोबाइल छीन लिया, ताकि सबूत न रह सके। दोपहर 2 बजे की घटना बताया गया है कि पूरी वारदात 8 फरवरी रविवार को दोपहर करीब 2 बजे हुई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया। भूरा तोमर और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। बेटी पर लगा चुके हैं चोरी का आरोप भूरा ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसकी एक साल की बेटी पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। इस मामले की शिकायत वह कई बार एसपी की जनसुनवाई में भी कर चुका है। पुलिस ने साधारण मारपीट में दर्ज किया केस पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन मामले को सिर्फ साधारण मारपीट में दर्ज किया। उनका कहना है कि वीडियो में साफ दिख रहे कट्टे को न तो जब्त किया गया और न ही एफआईआर में उसका जिक्र किया गया। परिवार ने पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी का बयान दिमानी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे का कहना है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद है और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। कट्टे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। अगर फरियादी बताता तो उसे भी शामिल किया जाता, फिर भी मामले को दिखवाया जाएगा।


